खेल डेस्क. शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने दोहा में रविवार को 14वें एशियन चैम्पियनशिप में 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने कांस्य जीतने के साथ ही टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया। वे ओलिंपिक कोटा पाने वाले देश के 13वें शूटर बन गए। मध्य प्रदेश के खारगौन के रहने वाले 18 साल के ऐश्वर्य ने इस स्पर्धा में देश को तीसरा ओलिंपिक टिकट दिलाया।
देश को एशियन चैम्पियनशिप से चार ओलिंपिक कोटा मिले। भारत ने इसके साथ ही रियो ओलिंपिक 2016 में निशानेबाजी में हासिल 12 कोटा के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। ऐश्वर्य ने आठ लोगों के फाइनल में 449.1 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। कोरिया के किम जोन्गयूव ने 459.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीन के जोन्घाओ झाओ (459.1 अंक) रजत पदक जीता।